सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल मोर्चे पर एक और बड़ी सफलता मिली है। एर्राबोर पुलिस ने दो नक्सल सप्लायरों को गिरफ्तार कर उनके पास से विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और खुफिया तंत्र की सक्रियता का नतीजा बताया जा रहा है।
Read Also- छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: कांकेर में पादरियों और धर्मांतरितों के प्रवेश बैन को कोर्ट ने माना वैध
जानकारी के अनुसार, एर्राबोर थाना क्षेत्र के ग्राम मरईगुड़ा के पटेलपारा में रहने वाले दो व्यक्ति गुपचुप तरीके से नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने का काम कर रहे थे। इनकी गतिविधियों की सूचना पुलिस को पहले से मिल रही थी, जिसके बाद एर्राबोर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी नक्सलियों के नियमित सप्लायर हैं और लंबे समय से माओवादियों को सामग्रियां उपलब्ध करा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बारूद, डेटोनेटर, तार, बैटरी सेल और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।




