रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जयस्तंभ चौक के पास दो युवकों के गुट आपस में भिड़ गए। मामूली धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं और हाथों में ईंट-पत्थर लेकर हमला कर रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ युवक मिलकर एक लड़के की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Read Also- रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली की तैयारी तेज, ADG की अध्यक्षता में 7 वरिष्ठ IPS अफसरों की समिति करेगी खाका तैयार
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
गणेश उत्सव जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना का सामने आना चिंताजनक माना जा रहा है।




