रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश के 33 जिलों में चक्का जाम कर दिया। यह विरोध प्रदर्शन दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगा। प्रदर्शन का असर सरगुजा, बस्तर, दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभागों में सबसे अधिक देखा जा रहा है। सरगुजा में कांग्रेस कार्यकर्ता ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
Read Also- चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी, चेंबर ऑफ कॉमर्स ने किया समर्थन से इनकार
रायपुर में वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर चौक के पास, धरसींवा और धनेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया है। वहीं बिलासपुर में सकरी-पेंड्रीडीह फ्लाईओवर के नीचे चक्का जाम किया गया, जिससे रायपुर-बिलासपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। जगदलपुर के आमागुड़ा चौक और दुर्ग जिले के 6 स्थानों पर भी चक्का जाम किया गया है। हालांकि, स्कूल बसों और एम्बुलेंस को चक्का जाम से छूट दी गई है। इस बीच, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स ने कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी को समर्थन नहीं देने की घोषणा की है।




