सुकमा। नक्सल प्रभावित सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा क्षेत्र एक बार फिर धमाके से गूंज उठा। रविवार सुबह गोंगुडा पहाड़ के पास सर्चिंग पर निकली सीआरपीएफ टीम आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आ गई। विस्फोट में सीआरपीएफ का डॉग हैंडलर जवान घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुलेर इलाके में सुरक्षा बलों ने एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाया हुआ था। सर्चिंग टीम जैसे ही गोंगुडा पहाड़ पर पहुंची, अचानक जोरदार धमाका हुआ। आईईडी विस्फोट से डॉग हैंडलर जवान घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुकमा एसपी किरण चह्वाण मौके पर पहुंचीं और खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। घायल जवान को जंगल से निकालकर मुलेर कैंप लाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
घटनास्थल पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए यह आईईडी लगाया था।




