नेशनल डेस्क। दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण ने हालात गंभीर कर दिए हैं। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 506 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर एवं खतरनाक’ श्रेणी में माना जाता है। वैश्विक वायु गुणवत्ता मॉनिटरिंग एजेंसी आईक्यू एयर ने अपनी लाइव रैंकिंग में दिल्ली को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर घोषित किया है।
बिगड़ती हवा के चलते दिल्ली सरकार ने नवंबर और दिसंबर में सभी स्कूलों में होने वाले खेल आयोजनों पर रोक लगा दी है। इससे पहले 18 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने भी दिल्ली-NCR में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए स्कूलों में स्पोर्ट्स फंक्शन न कराने की सलाह दी थी।
Read Also- दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों की नई ग्लोबल रैंकिंग जारी: लंदन फिर नंबर-1, जानें भारत के कितने शहर बने लिस्ट का हिस्सा
मध्य प्रदेश में पड़ी कड़ाके की ठंड, 12 शहरों का तापमान 10°C से नीचे
उधर मध्य प्रदेश में पिछले पखवाड़े से सर्दी अपने चरम पर है। बीते 24 घंटे में भोपाल, इंदौर सहित 12 शहरों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया। राजगढ़ सबसे ठंडा रहा, जहाँ पारा 7.5°C तक गिर गया। जबलपुर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में पारा माइनस 6°C के नीचे; जल्द हो सकती है बर्फबारी
उत्तराखंड के बद्रीनाथ में तापमान माइनस 6°C के नीचे पहुंच गया है। राज्य के मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरा जारी रहेगा, जिसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।




