ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली नगर निगम क्षेत्र में शनिवार को आवारा कुत्तों के काटने के 67 मामले सामने आए। एक ही दिन में इतनी संख्या में हमलों ने स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बना दिया है।
नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपा शुक्ला ने बताया कि यह घटनाएं कल्याण और डोंबिवली कस्बों से दर्ज की गईं। अचानक बढ़े मामलों के चलते नगर निगम और निजी अस्पतालों में पीड़ितों की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी को एंटी-रेबीज टीके सहित आवश्यक उपचार दिया गया।
पिछले कुछ हफ्तों से इस क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं छिटपुट रूप से हो रही थीं, लेकिन शनिवार को इनकी संख्या चिंताजनक रूप से बढ़ गई। अधिकारी ने बताया कि केडीएमसी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के लिए प्रतिमाह 1,000 से 1,100 कुत्तों की नसबंदी की जा रही है।
निगम ने एंटी-रेबीज उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित की है और एक नया डॉग सेंटर खोलने की योजना भी बनाई है। हालांकि, नागरिकों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तत्काल और कड़े कदम उठाने की मांग की है।




