नेशनल डेस्क। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर गुरुवार को आगरा पहुंच रहे हैं। खेरिया एयरपोर्ट पर उनके निजी विमान के उतरने की तैयारी पूरी कर ली गई है। आगरा में वह सबसे पहले ताजमहल का दीदार करेंगे, जिसके बाद वे राजस्थान के उदयपुर रवाना होंगे।
यह ट्रंप जूनियर की भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह फरवरी 2018 में दिल्ली, मुंबई, पुणे और कोलकाता आए थे। इस बार उनके साथ 40 देशों से आए 126 विशेष मेहमान भी भारत आ रहे हैं।
उदयपुर में 21–22 नवंबर को शाही शादी का आयोजन
उदयपुर में झील पिचोला के बीच स्थित जग मंदिर पैलेस में 21 और 22 नवंबर को एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग का आयोजन हो रहा है। इस हाई-प्रोफाइल शादी में भारतीय राजनीति और बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
Read Also- UIDAI आधार कार्ड के नए डिजाइन पर कर रहा काम, दिसंबर 2025 से लागू हो सकते है नए नियम
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी की टीम पहले ही शहर पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुकी है। शादी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 200 पुलिसकर्मी, जिनमें एसीपी और एडीसी रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं, तैनात किए गए हैं।
द लीला पैलेस में ठहरेंगे ट्रंप जूनियर
ट्रंप जूनियर उदयपुर में द लीला पैलेस होटल में ठहरेंगे। झीलों, महलों और शाही मेहमाननवाजी के कारण उदयपुर दुनिया के सबसे पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशन में से एक माना जाता है। इससे पहले भी यहां प्रियंका चोपड़ा–निक जोनास, हार्दिक पांड्या, नील नितिन मुकेश और रवीना टंडन जैसे कई सितारों के शादी समारोह हो चुके हैं।




