गुवाहाटी। असम के उदलगुड़ी समेत उत्तर-पूर्व भारत के कई हिस्सों में रविवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.8 रही और इसका केंद्र असम के उदलगुड़ी जिले में था। इसकी गहराई 5 किलोमीटर दर्ज की गई।
भूकंप के झटके शाम 5:20 बजे महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना में किसी तरह की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। राहत और बचाव टीमें सतर्क हैं और प्रभावित इलाकों में स्थिति का जायजा ले रही हैं।
एनसीएस के मुताबिक, झटके असम के अलावा मेघालय, नागालैंड और मणिपुर के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ सेकंड तक चले झटकों से दहशत का माहौल बन गया, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। आफ्टरशॉक की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।




