गुरुग्राम/दिल्ली। यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दो और शूटर्स को गिरफ्तार किया है, जो घटना के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलाते कैमरे में कैद हुए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव और आदित्य के रूप में हुई है। दोनों कथित तौर पर कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं।
सीसीटीवी में कैद हुए थे दोनों शूटर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग की रात दोनों आरोपी घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने फायरिंग में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सदस्यों और साजिशकर्ताओं की तलाश जारी है।
पहले भी एक शूटर पकड़ा जा चुका
इससे पहले शुक्रवार तड़के पुलिस ने फरीदपुर गांव के पास मुठभेड़ के बाद एक अन्य शूटर को गिरफ्तार किया था। उसकी पहचान इशांत गांधी उर्फ ईशू के रूप में हुई थी, जो फरीदाबाद का रहने वाला है।
बड़े खुलासों की उम्मीद
दिल्ली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में गैंग की गतिविधियों और फायरिंग की साजिश से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं। पुलिस अब इस घटना के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की तैयारी में है।




