महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब एक युवक ने अपनी सगी बहन की हत्या कर दी। यह घटना बसना के वार्ड नंबर 15 स्थित आदर्श नगर की है। आरोपी भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतका की पहचान सलमा जौहरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे सलमा के छोटे भाई सलीम जौहरी उर्फ गोलू ने गुस्से में आकर लकड़ी के गुटके से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सलमा को तत्काल बसना के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Read Also- युक्तियुक्तकरण के प्रदर्शन में बवाल, पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भिड़ंत, पुलिसकर्मी व कांग्रेस कार्यकर्ता हुए घायल
पुलिस को दी गई जानकारी में मृतका की छोटी बहन सबनम जौहरी ने बताया कि परिवार में चार बहनें और एक भाई हैं। आरोपी सलीम अपनी पत्नी के साथ अलग किराए के मकान में रहता था, जबकि चारों बहनें अपनी मां के साथ एक ही घर में निवास करती थीं। सलीम अक्सर इस बात को लेकर नाराज रहता था कि परिवार उसका ध्यान नहीं रखता।
घटना की रात सलीम घर आया और गाली-गलौच करने लगा। जब सलमा ने उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने गुस्से में आकर आंगन में रखे लकड़ी के टुकड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया।
बसना थाने के प्रभारी नरेंद्र राठौड़ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




