KHABARWAAD BHILAI. छावनी थाना क्षेत्र में सीएसपी कार्यालय के सामने संचालित सहारा कंपनी की वोल्स ई स्कूटर के शोरूम में आग लग गई। यह शोरूम बिना फायर सेफ्टी के संचालित था। इससे आग लगने पर उसे समय पर बुझाया नहीं जा सका और शोरूम के अंदर खड़ी 8-10 ई स्कूटर जलकर राख हो गए।
सूर्या मोटर्स नाम से संचालित इस शोरूम के संचालक चंदेल शर्मा ने बताया कि शनिवार को शोरूम बंद रहता है। रविवार को पुलिस का फोन आया कि दुकान से धुंआ निकल रहा है। जब दुकान खोला तो देखा कि अंदर धुंआ ही धुंआ भरा हुआ था। इसके बाद बीएसपी के फायर ब्रिगेड को फोन करके बुलाया गया। जब वहां से गाड़ी नहीं आई तो फिर अग्निशमन विभाग दुर्ग को सूचना दी गई। वहां से दमकल की गाड़ी पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड के कर्माचारी आग के बुझाने के साथ ही शोरूम के अंदर से जली हुई ई बाइक और अन्य सामान को भी बाहर निकाल रहे थे। लगभग दो घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। चंदेल शर्मा ने बताया कि आग से उनका 15-20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। शोरूम के अंदर कुछ पुरानी और कई नई गाड़ियां खड़ी हुई थीं। सभी जल गई हैं।
आग लगने के दौरान छावनी और जामुल पुलिस मौके पर मौजूद थी। पुलिस ने भीड़ को इधर उधर किया। अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिलते ही उन्होंने दमकल को रवाना किया है। आग किस कारण से लगी यह पता नहीं चल पाया है। ऐसी आशंका है कि ई बाइक की बैट्री चार्जिंग में लगी थी। वहीं स्पार्किंग के चलते ये आग लगी होगी।




