रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों – कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर, जशपुर, रायगढ़, बीजापुर, दंतेवाड़ा और बस्तर में अगले पांच दिनों तक तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की संभावना भी जताई गई है। बीते 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में हल्की बारिश हुई है।
अब तक 994 मिमी बारिश, बलरामपुर सबसे आगे
राज्य में 1 जून से 9 सितंबर 2025 तक 994 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कि सामान्य मानसून (1143.3 मिमी) का लगभग 86.9% है। अगस्त को छोड़ दें तो मानसून अब तक सामान्य बना हुआ है।
Read Also- अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच घर लौटा युवक, भूत समझकर भागे परिजन
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बलरामपुर जिला सबसे आगे है, जहां अब तक 1344.5 मिमी वर्षा हुई है – यह सामान्य से 54% अधिक है। वहीं बेमेतरा में सबसे कम 472 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो कि सामान्य से 49% कम है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब भी परेशानी
पिछले सप्ताह उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में हुई भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे। बस्तर संभाग के चार जिलों में कई पुल टूट गए, 200 से अधिक घर ढह गए और नदियां-नाले उफान पर आ गए।




