बिश्रामपुर। कल्याणपुर जंगल में शनिवार रात एक तेज रफ्तार संजीवनी 108 एंबुलेंस सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक सीट के बगल में बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की संजीवनी 108 एंबुलेंस (क्रमांक 04 एमजेड 5889) मरीज को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल छोड़कर रात में राजपुर लौट रही थी। कल्याणपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास चालक का नियंत्रण हट जाने से एंबुलेंस पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में द्वारिकानगर लटोरी निवासी रामविशाल राजवाड़े (33) की सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
अंबिकापुर: BJP विधायक के ड्राइवर पर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला
बताया जा रहा है कि मृतक एंबुलेंस का नियमित चालक था, लेकिन हादसे के समय वह सहचालक सीट पर बैठा था और वाहन इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) चला रहा था। टक्कर के बाद ईएमटी मौके से फरार हो गया।
लटोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग के जर्जर होने से कई वाहन वर्तमान में कल्याणपुर मार्ग का उपयोग कर रहे हैं, जिससे इस रास्ते पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।




