Khabarwaad Mungeli: एटीआर अचानकमार टाइगर रिजर्व के जंगल व वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रबंधन ने एक नई पहल की है। एक टोल फ्री नंबर 1800-233-0589 जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई भी नागरिक शिकार, लकड़ी तस्करी, जनहानि, घायल वन्यप्राणी या फिर आग लगने की सूचना दे सकते हैं। डायल करते हुए सूचना रजिस्टर्ड हो जाएगी और तत्काल संबंधित रेंज अधिकारियों को जानकारी मिल जाएगी। इससे न केवल अपराध पर नियंत्रण लगेगा बल्कि बेजुबानों को भी मदद मिलेगी।
Read also: सीएम विष्णुदेव साय कल रायपुर में श्रमिकों का करेंगे सम्मान…जाने कार्यक्रम का शेड्यूल
आपको बता दें कि अचानकमार टाइगर रिजर्व संवेदनशील क्षेत्र है। यही कारण है कि यहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रबंधन बेहद गंभीर रहता है। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए समय- समय उपाय किए जाते हैं। पैट्रोलिंग कैप, बैरियर, सर्चिंग, वाच टावर, आदि प्रमुख व्यवस्थाएं हैं। इन व्यवस्थाओं के अलावा अब एक और पहल की गई है। प्रबंधन ने टोल फ्री नंबर जारी किया है। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जारी इस टोल फ्री नंबर पर काल करके एटीआर या उसके सीमावर्ती क्षेत्र में हो रही अवैध या प्रतिबंधित वानिकी गतिविधियों की सूचना दी जा सकती है। इस टोल फ्री नंबर के माध्यम से आप शिकार, तस्करी, जंगल में आग समेत वन्यप्राणियों से संबंधित सभी सूचनाओं को काल कर सूचना दे सकते हैं।




