स्पोर्ट्स डेस्क। गुवाहाटी में खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया पहली पारी में केवल 201 रन पर ढेर हो गई। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने 288 रन की मजबूत बढ़त अपने नाम कर ली। मेहमान टीम ने फ़ोलोऑन नहीं दिया और भारत को दूसरी पारी में फिर बल्लेबाजी का मौका मिला। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसन भारत की परेशानी का सबसे बड़ा कारण बने। उन्होंने 6 विकेट झटककर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को गहराई तक हिला दिया।
टीम इंडिया ने तीसरे दिन 9/0 के स्कोर से पारी आगे बढ़ाई थी। शुरुआत अच्छी रही और टीम ने 95 रन तक सिर्फ दो विकेट गंवाए थे। यशस्वी जायसवाल (58) ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी दिखाते हुए जिम्मेदारी भरी पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर (48) ने भी निचले क्रम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लेकिन, अच्छी शुरुआत के बावजूद भारतीय बल्लेबाज बीच में लड़खड़ा गए।
Read Also- Dharmendra Death: नहीं रहा बॉलीवुड का ‘हीमैन’..89 साल की उम्र में सुपरस्टार धर्मेंद्र का निधन
भारत ने अगले 27 रन में अपने 6 विकेट गंवा दिए। 95 पर यशस्वी, 96 पर सुदर्शन, 102 पर जुरेल, 105 पर ऋषभ पंत, 119 पर नीतीश और 122 पर रवींद्र जडेजा आउट हुए। लगातार विकेट गिरने से भारतीय पारी पटरी से उतर गई। अंत में सुंदर और कुलदीप यादव की जोड़ी ने कुछ प्रतिरोध दिखाते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया।
इससे पहले साउथ अफ्रीका ने शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम ने दूसरे दिन 489 रन बनाकर अपनी पहली पारी समाप्त की और भारत पर शुरू से ही दबाव बना दिया।




