रायपुर। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने इस बयान को “आपत्तिजनक, असंवेदनशील और गंभीर आपराधिक कृत्य” बताते हुए विपक्ष पर लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमित शाह देश की सुरक्षा और एकता के सर्वोच्च प्रहरी हैं। ऐसे व्यक्ति पर अभद्र भाषा का प्रयोग केवल व्यक्तिगत गरिमा पर हमला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ठोस मुद्दों पर बहस करने में विफल हो चुका है और अब व्यक्तिगत आक्षेपों के जरिए लोकतांत्रिक संवाद की मर्यादा को तोड़ रहा है।
माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद द्वारा की गई टिप्पणी न केवल आपत्तिजनक है बल्कि यह गंभीर आपराधिक कृत्य है। तृणमूल कांग्रेस की आलाकमान और मुख्यमंत्री सुश्री ममता बनर्जी के शह के बिना ऐसी टिप्पणियों का दुस्साहस करना सम्भव नहीं है।…
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) August 30, 2025
ममता बनर्जी पर सीधा हमला
सीएम साय ने तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की मौन सहमति या शह के बिना उनकी पार्टी का कोई सांसद इस तरह की दुस्साहसपूर्ण टिप्पणी नहीं कर सकता। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि ममता बनर्जी स्पष्ट करें कि क्या वे महुआ मोइत्रा के बयान से सहमत हैं।
- यदि सहमत हैं तो यह साबित होगा कि तृणमूल कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी इसी दूषित मानसिकता को पोषित कर रहा है।
- यदि असहमत हैं, तो उन्हें अपनी सांसद के खिलाफ सार्वजनिक रूप से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
साय ने कहा कि अब देश की जनता इस दोहरी राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी और ममता बनर्जी को साफ-साफ जवाब देना होगा।
140 करोड़ भारतीयों की अस्मिता पर हमला
मुख्यमंत्री ने कहा कि महुआ मोइत्रा का बयान केवल एक व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं है, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों की अस्मिता और आत्मसम्मान पर हमला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के इस कृत्य से यह साफ हो गया है कि उसे न तो देश की सुरक्षा की चिंता है और न ही लोकतांत्रिक मर्यादाओं की।
साय ने दोहराया कि लोकतंत्र में असहमति और आलोचना की गुंजाइश हमेशा रहती है, लेकिन यदि भाषा अभद्र हो जाए तो वह अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा और देश की जनता इस अपमानजनक बयान का पुरजोर विरोध करेगी।
Read Also- गृह मंत्री पर विवादित बयान को लेकर बवाल, रायपुर में बंगाली समाज ने महुआ मोइत्रा के खिलाफ खोला मोर्चा
देश से माफी मांगने की मांग
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि सत्ता की होड़ में इस प्रकार की बयानबाज़ी देश को कमजोर करती है और जनता का विश्वास राजनीति से उठाती है।
साय ने कहा कि महुआ मोइत्रा का बयान संसद, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने विपक्ष को नसीहत दी कि राजनीति में गरिमा, संयम और सकारात्मक संवाद बनाए रखना ही भारतीय लोकतांत्रिक संस्कृति की असली पहचान है।




