जांजगीर-चांपा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन की घोषणा किए जाने के बाद जांजगीर चांपा जिले में आदर्श आचार संहिता लागूहो गई है। इसके तहत शहर, नगरीय निकायों और जनपद पंचायत क्षेत्र में सम्पत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई। शासकीय और सार्वजनिक जगहों में लगाए गए पोस्टर-बैनर, वॉल पेंटिंग को हटाने की कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक जांजगीर चांपा लोकसभा सीट में तीसरे चरण में सात मई को मतदान होगा, जिसमें 8 विधानसभा क्षेत्र जांजगीर, अकलतरा, पामगढ़, सक्ति, चंद्रपुर, जैजैपुर, बिलाईगढ़ और कसडोल शामिल हैं। वहीं, आदर्श आचार संहिता लगते ही राजनीतिक दल के बैनर-पोस्टर हटाने और वॉल पेंटिंग को पोता जा रहा है। जिले के सीमा क्षेत्र में पुलिस की चेक पोस्ट बनाई जाएगी। कलेक्टर आकाश छिकारा ने प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी है।
12 अप्रैल को नाम निर्देशन प्रारंभ
छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी की सूची जारी होने के बार एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव को लेकर तिथि जारी की गई है। जिसमें जांजगीर चांपा लोकसभा सीट में तीसरे चरण 7 मई को वोटिंग की प्रक्रिया की जानी है। कलेक्टर आकाश छिकारा ने बताया कि 12 अप्रैल को नाम निर्देशन प्रारंभ होगी। 19 अप्रैल नाम निर्देशन की अंतिम तिथि, 20 अप्रैल को संविक्षा तिथि, 22 अप्रैल को उम्मीदवार द्वारा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि होगी। वहीं, 7 मई को वोटिंग और 4 जून को मतगणना और परिणाम घोषित होंगे।




