रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों, चखना सेंटरों एवं गांजा-सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कलेक्टर को इस संबंध में दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि रायपुर दक्षिण विधानसभा के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 और भक्त माता कर्मा वार्ड क्रमांक 67 में स्थित देशी व विदेशी शराब दुकानों के कारण क्षेत्र में सामाजिक माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। भाठागांव की शराब दुकान बस्ती पारा स्कूल और स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के पास स्थित है, जिससे विद्यार्थियों और महिलाओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है और माहौल अशांत हो गया है।
Read Also- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने Axiom-4 मिशन की सफलता पर अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को दी बधाई
क्षेत्र के पार्षद प्रत्याशी रहे ब्रह्मा सोनकर ने बताया कि शराब दुकानों की वजह से बच्चों और महिलाओं को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। भाठागांव अब घनी आबादी वाला क्षेत्र बन चुका है, जहां से किसान खेतों की ओर और छात्र पत्रकारिता विश्वविद्यालय की ओर जाते हैं। ऐसे में शराब दुकानों की मौजूदगी गंभीर सामाजिक चिंता का विषय है।
वहीं भक्त माता कर्मा वार्ड 67 में वॉलफोर्ट सिटी के पास मुख्य मार्ग पर स्थित शराब दुकान और चखना सेंटरों से न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि देर रात तक असामाजिक गतिविधियों का भी बोलबाला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दुकानों के चलते क्षेत्र में शराबखोरी, झगड़े, गाली-गलौज और चाकूबाजी जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। इससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
Read Also- तेंदूपत्ता बोनस घोटाला मामला: EOW ने 14 आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायालय में दाखिल किया 4500 पन्नों का चालान
कन्हैया अग्रवाल ने बताया कि इन शराब दुकानों को बंद करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिक पूर्व में कई बार प्रदर्शन और आंदोलन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार शराबबंदी की दिशा में प्रयासरत है, वहीं आबकारी विभाग सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
प्रतिनिधिमंडल ने दूसरे ज्ञापन में रायपुर के कालीबाड़ी (गांधीनगर), नेहरू नगर, संतोशी नगर, संजय नगर, ब्रह्मपुरी और चंगोराभाठा क्षेत्रों में तेजी से फैलते गांजा और सट्टा के अवैध कारोबार पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में अवैध नशे के व्यापार के चलते नाबालिगों को अपराध की ओर धकेला जा रहा है। सट्टा-पट्टी के कारण आए दिन झगड़े, चाकूबाजी और हत्या की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो नागरिक व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
Read Also- हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं पर पुलिस का शिकंजा, पत्नी भावना तोमर गिरफ्तार, कोर्ट ने 18 अगस्त तक पेश होने का दिया आदेश
ज्ञापन सौंपने वालों में कन्हैया अग्रवाल, ब्रह्मा सोनकर, सुरेश बाफना, शरद गुप्ता, खेम सोनकर, राजेश त्रिवेदी, देवेंद्र पवार, लक्ष्मीकांत यादव विक्की सहित कई समाजसेवी और स्थानीय नागरिक शामिल थे।




