रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में शराब दुकानों की व्यवस्था को पूरी तरह कैशलेस बनाने का बड़ा निर्णय लिया है। अब मदिरा दुकानों पर केवल डिजिटल भुगतान के जरिए ही शराब खरीदी जा सकेगी। इस संबंध में आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी शराब दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और उनकी मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read Also- रायपुर में सरेआम गुंडागर्दी: साइंस सेंटर रोड पर युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
आबकारी मंत्री ने होटल, ढाबों और फार्म हाउसों में अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही, फार्म हाउस में होने वाली शराब पार्टियों पर तत्काल कार्रवाई करने की हिदायत भी अधिकारियों को दी।
बैठक में मदिरा दुकानों की व्यवस्था, लाइसेंस प्रणाली, मार्केटिंग कॉरपोरेशन और बार-क्लब संचालन की विस्तार से समीक्षा की गई। विभाग ने इस अवसर पर आगामी वित्तीय वर्ष के लिए राजस्व लक्ष्यों को हासिल करने की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।




