बिलासपुर। शादी का झांसा देकर राजस्थान के युवक ने बिलासपुर की युवती से दुष्कर्म किया। युवती मल्टीलेवल मार्केटिंग कंपनी से जुड़ी थी, जिसे ट्रेनिंग देने के बहाने आरोपी ने राजस्थान बुलाया था। इसी दौरान उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसकी हरकतों से तंग आकर युवती ने पुलिस से शिकायत कर दी।पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक 22 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह कोतवाली क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है। दो साल से वह मल्टीलेवल मार्केटिंग कंपनी से जुड़ी है। इसी दौरान कंपनी के माध्यम से उसकी पहचान राजस्थान के अलवर जिले के ग्राम सकट में रहने वाले जगराम सैनी से हुई। दोनों आपस में एक-दूसरे से बात करते थे।
करीब 6 महीने पहले युवक ने युवती को ट्रेनिंग देने के बहाने राजस्थान बुलाया था। उसी समय युवक ने उसके साथ शादी करने का वादा कर दुष्कर्म किया था। इसके बाद युवक अपने काम के सिलसिले में बिलासपुर आता था। तब वह युवती को होटल में मिलने के लिए बुलाता था। यहां भी वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। ऐसा नहीं करने पर उसके न्यूड वीडियो को वायरल करने की धमकी देता था। उसकी हरकतों से युवती तंग आ गई थी। उसकी रिपोर्ट पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी जगराम सैनी को अलवर स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है।




