काठमांडू/नई दिल्ली। नेपाल में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हालात सामान्य होते दिख रहे हैं और नए शासन की शुरुआत हो चुकी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कार्की का शीर्ष पद संभालना महिलाओं के सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही उन्होंने नेपाल के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीएम मोदी का यह बयान मणिपुर दौरे के दौरान आया, जहां उन्होंने हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने कहा, “नेपाल भारत का करीबी दोस्त है। 140 करोड़ भारतीयों की ओर से मैं सुशीला कार्की को हार्दिक बधाई देता हूं। उनका नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनना प्रेरणादायक है।”
पूर्व मुख्य न्यायाधीश रह चुकीं सुशीला कार्की ने शुक्रवार रात शपथ ली और आधिकारिक तौर पर अंतरिम प्रधानमंत्री का पदभार संभाला। उनकी नियुक्ति पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे के चार दिन बाद हुई। ओली को राष्ट्रव्यापी जनाक्रोश के चलते पद छोड़ना पड़ा था।
मोदी ने विश्वास जताया कि कार्की के नेतृत्व में नेपाल शांति, स्थिरता और समृद्धि की ओर बढ़ेगा। उन्होंने नेपाल के युवाओं की भी सराहना की, जिन्होंने अस्थिर माहौल में भी लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखा। पीएम ने कहा कि उनकी सकारात्मक सोच नेपाल के नए उदय का संकेत है।




