इंदौर। इंदौर पुलिस ने 100 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात चोर अब्दुल रशीद उर्फ तलवार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के अकोला से एसआईआर फॉर्म भरने इंदौर आया था, लेकिन यहां चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.50 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण एवं 50 हजार रुपये कीमत की चोरी की बाइक शामिल है।
जोन-3 के डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि पलासिया थाना पुलिस की टीम ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी पर इंदौर एवं महाराष्ट्र में चोरी, हत्या एवं हत्या के प्रयास जैसे 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह मूल रूप से खजराना क्षेत्र का निवासी है, लेकिन पिछले 18-19 वर्षों से अकोला में रह रहा था।
10 दिन पूर्व वह इंदौर आया तथा तिलक नगर से एक बाइक चुराई। इसके बाद गीतानगर स्थित गायत्री अपार्टमेंट में हॉस्टल संचालिका के फ्लैट में ताला तोड़कर घुस गया तथा करीब 10 लाख रुपये के गहने एवं नकदी चुराकर उसी बाइक से अकोला भाग गया। वह अपनी बहन के यहां रुका था।
पुलिस ने 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया तथा लगातार निगरानी के बाद आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
एसीपी तुषार सिंह ने बताया कि आरोपी ने प्रसिद्धि पाने के लिए महाराष्ट्र के वर्धा क्षेत्र में एक व्यक्ति की तलवार से गर्दन काट दी थी तथा कटी गर्दन थाने में ले जाकर पेश की थी, जिसके बाद उसका नाम तलवार सिंह पड़ गया। 2006 में चोरी के मामले में पकड़े जाने के बाद वह अकोला भाग गया था तथा वहां शादी कर वारदातें करने लगा।




