बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों के कायराना हमले में एक बार फिर सुरक्षा बलों को नुकसान झेलना पड़ा है। नेशनल पार्क क्षेत्र में DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) की टीम पर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी (IED) की चपेट में आने से एक जवान वीरगति को प्राप्त हो गया, जबकि तीन जवान घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक 17 अगस्त को DRG की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी। सर्चिंग के दौरान 18 अगस्त की सुबह अचानक आईईडी ब्लास्ट हो गया। इस घटना में बीजापुर DRG के जवान दिनेश नाग शहीद हो गए।
घटना में घायल हुए तीन जवानों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायल खतरे से बाहर हैं और आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएँ मुहैया कराई जा रही हैं।
सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में सर्चिंग अभियान तेज किया गया है और नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।




