बिलासपुर। जिले से दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। रतनपुर थाना क्षेत्र में डेढ़ साल के मासूम शिवांश की जान एक चने ने ले ली। खेलते-खेलते उसने चना निगल लिया, लेकिन वह गले में फंस गया। सांस लेने में तकलीफ हुई और डॉक्टर इलाज शुरू कर पाते, इससे पहले ही मासूम ने दुनिया को अलविदा कह दिया।
कोरबा जिले के पाली निवासी शिवांश पोर्ते (16 माह) अपने माता-पिता के साथ रतनपुर के खाल्हेपारा स्थित संजय जायसवाल के फार्महाउस में रह रहा था। मंगलवार को घर में खेलते वक्त शिवांश ने वहां रखा चना उठा लिया और मुंह में डाल लिया। मासूमियत में उसने चना निगल लिया, लेकिन वह गले में फंस गया।
अचानक सांस रुकने लगी, बच्चा घबराकर रोने लगा। परिवार ने आनन-फानन में उसे रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन, अफसोस कि डॉक्टर चना निकाल पाते, उससे पहले ही नन्ही जिंदगी हमेशा के लिए थम गई।
फिलहाल रतनपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने इलाके में हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। छोटे बच्चों के साथ लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है, यह घटना उसी की चेतावनी बन गई है।




