नई दिल्ली। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में हुए भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई तथा 25 से अधिक घायल हो गए। मृतकों में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी भी शामिल हैं।
हादसा लाहौर से करीब 200 किलोमीटर दूर अड्डा फकीर दी कुल्ली इलाके में हुआ, जहां एक बस और तेज रफ्तार यात्री वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
फैसलाबाद के उपायुक्त अली अकबर भिंडर के अनुसार, बस में सवार लोग पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (यूवीएएस) के खिलाड़ी थे, जो लाहौर में आयोजित खेल प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे थे।
पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा जिला प्रशासन से मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।




