रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक बैज ने शनिवार को राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए। बैज ने कहा कि चुनाव आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि यह प्रक्रिया किस चुनाव विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय या पंचायत के लिए हो रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी प्रक्रिया की शुरुआत से पहले सभी राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श होना चाहिए और पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
बैज ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया अक्सर विवादों में रहती है। उन्होंने कहा, इस बार पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
Read Also- रिटायर्ड IAS कोर्ट में खड़े — “मुझे गिरफ्तार कर लो!”, मगर पकड़ने वाला कोई नहीं!
इसी बीच, भाजपा ने सचिन पायलट, भूपेश बघेल और दीपक बैज पर तंज करते हुए एक कार्टून पोस्टर जारी किया। पोस्टर में लिखा गया छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मची रार” और “कांग्रेस की रैली में रुपए बांटने के बाद भी नहीं जुट रही भीड़।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा, भाजपा हमारी सभा में वीडियोग्राफी कर सकती है, हमें कोई आपत्ति नहीं। हम उन्हें बीच में सीट देंगे और वे खुद भीड़ का अंदाजा लगा सकते हैं।
ईडी और केंद्रीय एजेंसियों पर हमला
बैज ने ईडी के चालान और केंद्रीय एजेंसियों पर निशाना साधते हुए कहा, भाजपा और केंद्रीय एजेंसियों के पास झूठे आरोप लगाने के अलावा कुछ नहीं। कांग्रेस नेताओं को डराने के लिए कहानियां गढ़ी जा रही हैं, लेकिन हमारे नेता इनसे डरने वाले नहीं हैं। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष के लापता होने पर उन्होंने तंज कसा, “हमारा कार्यक्रम शानदार है। अगर कोषाध्यक्ष गायब हैं तो भाजपा जाकर ढूंढ ले।
Read Also- तलाशी के दौरान दो स्कॉर्पियो से 6.6 करोड़ रुपए नकद बरामद, चार लोग हिरासत में
नक्सलियों की चिट्ठी पर चेतावनी
हाल ही में नक्सलियों द्वारा कथित चिट्ठी को लेकर बैज ने कहा, सरकार को स्पष्टता देनी होगी कि इसमें कितनी सच्चाई है। नक्सल संगठन को कमजोर आंकना सरकार का ओवर कॉन्फिडेंस है। इसी वजह से हमारे एडिशनल एसपी और अतिथि शिक्षक शहीद हुए। सरकार को लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।




