नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर महिला विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने टीम की खिलाड़ियों को हाथ से मिठाई परोसी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें प्रधानमंत्री ने इंजर्ड खिलाड़ी प्रतीका रावल, जो व्हीलचेयर पर थीं, को खुद खाना सर्व किया।
पीएम मोदी ने देखा कि प्रतीका रावल के पास खाने की थाली नहीं थी, तो उन्होंने तुरंत पहल की और स्वयं सर्विंग एरिया से थाली लेकर प्रतीका को परोसी। इस स्नेहपूर्ण क्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री का खिलाड़ियों के प्रति मानवीय जुड़ाव और विनम्रता स्पष्ट रूप से नजर आया। प्रतीका रावल ने मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस समारोह में मुख्य कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास भी मौजूद रहे। यह मुलाकात टीम और प्रधानमंत्री के बीच व्यक्तिगत कहानियों और अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर भी बनी।
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने प्रधानमंत्री मोदी को हस्ताक्षरित भारतीय टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर ‘NaMo’ लिखा था।




