नई दिल्लीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ बुलेट ट्रेन की सवारी की और ड्राइविंग प्रशिक्षण ले रहे भारतीय कर्मचारियों से मुलाकात की। जापानी प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेंदाई की यात्रा।” इस दौरान मोदी ने दुनिया की सबसे उन्नत ALFA-X ट्रेन को भी देखा और उसकी तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, भारतीय ड्राइवर इस समय जापान की रेलवे कंपनी *जेआर ईस्ट* के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने प्लेटफॉर्म पर उनसे बातचीत की और फोटो भी खिंचवाई। इसके बाद उन्होंने मियागी प्रांत के सेंदाई में स्थित एक सेमीकंडक्टर संयंत्र का दौरा किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने जापान के 16 प्रांतों के गवर्नरों से मुलाकात की और भारत-जापान विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के तहत राज्य-प्रांत सहयोग को मजबूत बनाने का आह्वान किया। जापान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के दौरान व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, नवाचार और एआई जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत-जापान संबंध सभ्यतागत जुड़ाव पर आधारित हैं और लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल तोक्यो और नई दिल्ली पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय राज्यों और प्रांतों के बीच सीधा सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री ने गवर्नरों और भारतीय राज्यों से विनिर्माण, गतिशीलता, अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे, स्टार्टअप और लघु व्यवसायों जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को और गहरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन, कौशल विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में नई संभावनाएं खोलेगी।




