आशीष पदमवार. बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एनएमडीसी की लौह अयस्क खदानों से निकलने वाले लाल पानी की समस्या ने 45 से अधिक गांवों की जिंदगी को संकट में डाल दिया है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर शुक्रवार को ग्राम हिरोली से शुरू हुई दो दिवसीय 30 किलोमीटर लंबी पदयात्रा शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में हजारों ग्रामीण शामिल हुए और राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि एनएमडीसी खदानों से निकलने वाला लाल पानी नदियों, नालों और तालाबों को दूषित कर रहा है। इससे पीने का पानी जहरीला हो गया है, जिसके चलते पेट संबंधी बीमारियां, त्वचा रोग और किडनी की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि खेती की जमीन बंजर हो रही है और हर साल पशुओं की मौत इस दूषित पानी की वजह से हो रही है।|
Read Also- छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के प्रभार में बड़ा बदलाव: 6 मंत्रियों को इन जिलों का सौंपा गया जिम्मा
मंडावी ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की लगातार गुहार के बावजूद सरकार और एनएमडीसी प्रबंधन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवाज राज्यपाल तक पहुंचाने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग को लेकर ही यह ऐतिहासिक पदयात्रा आयोजित की गई।
लाल पानी की समस्या के साथ ही विधायक ने जिले की अन्य ज्वलंत समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने नेशनल पार्क क्षेत्र में पीढ़ियों से रह रहे ग्रामीणों को जबरन विस्थापित करने की कोशिशों का विरोध किया। साथ ही कोरंडम खदान को बेचने की कोशिश को सरकार की साजिश करार दिया। रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और आदिवासी जमीनों को उद्योगपतियों को बेचे जाने के गोरखधंधे को बंद करने की मांग भी उन्होंने रखी।
Read Also- चैतन्य बघेल की याचिका पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई: ED ने जवाब दाखिल किया, अगली सुनवाई 23 सितंबर को
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में लाल पानी की समस्या के स्थायी समाधान सहित कई अहम मांगें शामिल थीं।
सभा में जिला पंचायत सुकमा के पूर्व अध्यक्ष हरीश कवासी, जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, महामंत्री छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी श्रीमती नीना रावलिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, पूर्व उपाध्यक्ष कमलेश कारम, बसंत राव ताटी, सोमारू कश्यप, लच्चूराम मौर्य, श्रीमती पार्वती कश्यप, श्रीमती सरिता चापा, जनपद पंचायत बीजापुर के अध्यक्ष सोनू पोटाम, संत कुमारी मंडावी, बेनूहर रावलिया, वेणुगोपाल राव, पुरूषोत्तम खत्री, अरूण वासम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और जिलेभर से आए ग्रामीण उपस्थित रहे।




