नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सुबह 4 बजे उठो, 37 सेकंड में दो वोटर हटाओ, फिर सो जाओ।” राहुल ने दावा किया कि उनके पास वोटर लिस्ट से नाम हटाने के “100 फीसदी पक्के सबूत” हैं और एक 37 सेकंड का वीडियो शेयर किया, जिसमें 19 दिसंबर 2022 को सुबह 4 बजे 36 सेकंड में दो वोटरों के नाम हटाए गए। उन्होंने कहा, “चुनाव का चौकीदार जागता रहा, चोरी देखता रहा और चोरों की हिफाजत करता रहा।”
बीजेपी का जवाब
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी की कमजोर नेतृत्व क्षमता के कारण कांग्रेस बार-बार हार रही है। उन्होंने कहा, “गरीब, किसान और आम लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नेता मानते हैं। राहुल अपनी कमजोरियों को छिपाने के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।”
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी राहुल पर निशाना साधा, “राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस 90 फीसदी चुनाव हार चुकी है। गलत और बेबुनियाद आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है।”




