रायपुर। राजधानी में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात ई-मेल धारक के खिलाफ धमकी, झूठी अफवाह फैलाने सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र स्थित पासपोर्ट विभाग के आधिकारिक ई-मेल आइडी पर सोमवार सुबह एक मेल प्राप्त हुआ। मेल करने वाले ने खुद को तमिलनाडु का निवासी बताया है। उसने लिखा कि उसकी बात न तो पुलिस सुन रही है और न ही उसे न्यायालय से राहत मिल रही है, जिससे वह बेहद परेशान है।
मेल में आरोपित ने सोमवार दोपहर पासपोर्ट विभाग को 12 बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय परिसर को खाली कराया गया। बम स्क्वाड और डाग स्क्वाड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।




