रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आयोजित पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में रविवार को बिलासपुर के एक परीक्षा केंद्र में हाईटेक तरीके से नकल का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद व्यापमं ने परीक्षा नियमों में सख्त बदलाव करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है। अब परीक्षा केंद्रों में जूते, ज्वेलरी और फुल बांह के कपड़े पहनना प्रतिबंधित कर दिया गया है। जूते की जगह केवल साधारण चप्पल पहनने की अनुमति होगी, वहीं कान में पहनने वाली किसी भी प्रकार की ज्वेलरी भी वर्जित रहेगी।
शराब घोटाले में 23 आबकारी अधिकारियों ने कोर्ट में लगाई अग्रिम जमानत याचिका, 18 जुलाई को सुनवाई
व्यापमं द्वारा जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार, यह नई गाइडलाइन 20 जुलाई को होने वाली आगामी सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों के गेट परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे। इससे पहले परीक्षार्थियों को निर्धारित समय तक एंट्री की अनुमति होती थी। इसके अलावा परीक्षार्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनने होंगे और परीक्षा के दौरान पहले व अंतिम आधे घंटे तक कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यापमं ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के भौगोलिक स्थान की जानकारी पहले से होना परीक्षार्थी की जिम्मेदारी होगी ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की देरी न हो।
इसके साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ, इयरफोन, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के संचार उपकरणों को केंद्र में लाना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
व्यापमं ने यह भी कहा है कि परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की फुसफुसाहट, बातचीत, इशारे या अनुशासनहीनता करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, दुर्व्यवहार या विवाद की स्थिति में परीक्षार्थी को परीक्षा से बाहर किया जा सकता है।




