नई दिल्ली। बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने चेतावनी दी है कि अभिनेता सलमान खान को 1998 में काले हिरण के मारे जाने के लिए माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। जेल से एक टीवी चैनल से बातचीत में बिश्नोई ने कहा कि जेलों में कुछ लूज प्वाइंट थे जिनका इस्तेमाल वह फोन करने के लिए करता था।
बीजेपी के पूर्व विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू ने पंजाब में पुलिस प्रशासन पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है.
पिछले दिनों पंजाब की जेलों में गैंगवार की ख़बरें आ रही थीं। गैंगस्टर पंजाब की जेल में मौज-मस्ती कर रहे हैं, जबकि सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता इंसाफ के लिए सड़कों पर हैं। चूंकि लॉरेंस बिश्नोई अभी पंजाब की जेल में है, इसलिए आप सरकार को जवाब देना चाहिए और स्पष्टीकरण देना चाहिए।
पंजाब प्रशासन ने इस बात से इनकार किया कि लॉरेंस बिश्नोई ने न्यूज चैनल को बठिंडा जेल से फोन किया था. बठिंडा जेल में बंद बिश्नोई को फायरिंग और जबरन वसूली के मामले में पूछताछ के लिए फरवरी में राजस्थान ले जाया गया था।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर लॉरेंस बिश्नोई ने कहा कि हत्या की योजना गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने बनाई थी। मूसेवाला की पिछले साल 29 मई को पंजाब के मनसा में हत्या कर दी गई थी।




