श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में गुरुवार को सेना और स्थानीय पुलिस की आतंकियों से मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। सेना ने बताया कि आतंकियों की घुसपैठ की खुफिया जानकारी मिलने के बाद संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।
ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने उन्हें ढेर कर दिया। फिलहाल ऑपरेशन जारी है।
इससे पहले 2 अगस्त को कुलगाम जिले के अखल देवसर इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए थे। यह अभियान 1 अगस्त से शुरू होकर 12 दिन तक चला था, जिसमें दो जवान भी शहीद हुए थे।
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद से जम्मू-कश्मीर में अब तक सात मुठभेड़ों में 23 आतंकी मारे जा चुके हैं। इनमें से 12 पाकिस्तानी और 9 स्थानीय आतंकी थे। आज मारे गए दो आतंकियों की पहचान अभी सामने नहीं आई है।




