KHABARWAAD BILASPUR. जिले में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। जिससे बाइक पर पीछे बैठा युवक गिरकर डिवाइडर से जा टकराया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।
टीआई गोपाल सतपथी ने बताया कि, घटना सोमवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम नगोई निवासी राकेश यादव गांव के ही अपने दोस्त प्रहलाद यादव को लेकर किसी काम से बिलासपुर आ रहा था। अभी उनकी बाइक कोनी थाने के पास से निकलकर बिरकोना मोड़ के पास पहुंची थी। तभी उनकी बाइक मोड़ पर अनियंत्रित हो गई और खंभे से जा टकराई।
Read Also- दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप पलटने से 18 की मौत, 9 गंभीर रूप से घायल
डिवाइडर से टकराया युवक, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इस हादसे में बाइक के पीछे बैठे प्रहलाद यादव बाइक से गिर कर दूर फेंका गया और वह खंभे से जा टकराया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई। वहीं, बाइक चला रहे युवक राकेश भी बुरी तरह से घायल हो गया है।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, तब तक प्रहलाद ने दम तोड़ दिया था। पुलिस ने उसके परिजन को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।




