बिलासपुर। जिले में सतनामी समाज को अपशब्द कहने पर तखतपुर पुलिस ने कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार किया है। आशुतोष चैतन्य ने कथावाचन के दौरान सतनामी समाज को मूर्ख और गाय काटने वाला समाज बताया था।
कथावाचक के विवादित बयान के बाद सतनामी समाज ने तखतपुर थाने का घेराव किया। कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की थी। बढ़ते विवाद के बाद पुलिस ने आशुतोष चैतन्य के खिलाफ FIR दर्ज की। पुलिस ने 15 नवंबर को तखतपुर के कथा स्थल से अरेस्ट किया है।
दरअसल, तखतपुर के टिकरी पारा में श्रीमद् भागवत कथा महापुराण चल रहा है। यहां आशुतोष चैतन्य महाराज कथावाचन कर रहे थे। 11 नवंबर को उन्होंने सतनामी समाज को लेकर कई अपशब्द कहे। वीडियो को यूट्यूब चैनल पर अपलोड भी कर दिया गया।
कथावाचक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सतनामी समाज भड़क उठा। 12 नवंबर को समाज के लोग बड़ी संख्या में तखतपुर थाने पहुंचे और घेराव कर दिया। इस दौरान समाज के लोगों ने कथावाचक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




