नई दिल्ली
गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक साथ दोहरी प्राकृतिक घटनाओं का सामना करना पड़ा। जहां एक ओर तेज बारिश हो रही थी, वहीं दूसरी ओर सुबह 9 बजकर 3 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यह झटके करीब 10 सेकंड तक जारी रहे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
भूकंप के झटके दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र हरियाणा के रोहतक जिले में था और इसकी तीव्रता 4.1 मापी गई। झटकों की तीव्रता हल्की थी लेकिन बारिश के बीच आए इन झटकों ने लोगों को घरों और दफ्तरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया।
फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम और भूगर्भीय गतिविधियों के मेल ने NCR में सुबह के समय हलचल पैदा कर दी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह झटका क्षेत्रीय भूकंपीय गतिविधियों का सामान्य हिस्सा है लेकिन फिर भी सतर्क रहने की जरूरत है।




