रायपुर। राज्योत्सव के अवसर पर बुधवार को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम ने नवा रायपुर के आसमान में अद्भुत हवाई करतब दिखाकर लोगों का दिल जीत लिया। सेंध तालाब के ऊपर आयोजित इस एयर शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स ने एक साथ उड़ान भरते हुए ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी रोमांचक फॉर्मेशन प्रस्तुत कीं। टीम ने आसमान में तिरंगा और दिल का आकार बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Read Also- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा: 20 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी सूर्यकिरण टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो छत्तीसगढ़ के ही निवासी हैं, भी इस टीम का हिस्सा हैं। गौरव ने बताया कि अपने गृह राज्य में प्रदर्शन करना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। वहीं, फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने आसमान में उड़ते विमानों और जमीन पर मौजूद दर्शकों के बीच सेतु की भूमिका निभाई। उन्होंने शो के दौरान प्रभावशाली कमेंट्री के माध्यम से पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
Read Also- मुंगेली में औचक निरीक्षण के दौरान 13 शिक्षक अनुपस्थित, डीईओ ने सभी को जारी किया कारण बताओ नोटिस
एयर शो को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। इसके चलते तेलीबांधा से सेंध लेक तक की सड़क पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में आम नागरिकों के साथ कई वीआईपी वाहन भी फंसे रहे।




