रायपुर। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर मुंगेली जिले में शिक्षा की गुणवत्ता और अनुशासन सुधार के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चकरभठा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्राचार्य सहित कुल 13 शिक्षक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों में प्रभारी प्राचार्य सौखी लाल पंकज, व्याख्याता फनेन्द्र कुमार रॉय, रवि कुमार देवांगन, प्रमिला देवांगन, आशीष ठाकुर, अमरचंद बर्मन, संजय साहू, ममता जांगड़े, नंदलाल पटेल, राजेंद्र ध्रुव, पुरुषोत्तम घृतलहरे, अनिल सोनवानी और पीयूष चंदेल शामिल हैं।
डीईओ डाहिरे ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता और छात्रहित से जुड़ी गतिविधियों पर निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।




