दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित आईआईटी भिलाई में पढ़ रहे मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम निवासी छात्र सौमिल साहू (18) की 11 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सौमिल आईआईटी भिलाई में बी.टेक प्रथम सेमेस्टर (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) का छात्र था और इसी वर्ष उसने दाखिला लिया था। मामला जेवरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे सौमिल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल सुपेला स्थित स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद आईआईटी परिसर में देर रात छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। रात 12 बजे से 2 बजे तक छात्रों ने कैंपस में हंगामा किया और प्रबंधन पर व्यवस्थाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। छात्रों का कहना था कि संस्थान ने अब तक छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की है। उनका आरोप है कि यदि सौमिल को समय पर बेहतर इलाज मिला होता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
Read Also- मसाज कराने पहुंचे तहसीलदारों से 6 युवकों ने की मारपीट, पार्किंग को लेकर ड्राइवर से हुआ था विवाद
दीपावली में गया था घर, तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती
सौमिल भिलाई के शांति नगर में रहता था। दीपावली पर वह अपने घर नर्मदापुरम गया था। पिता वीरेंद्र साहू, जो सिक्योरिटी पेपर मील (SPM) में कर्मचारी हैं, ने बताया कि 10 नवंबर को सौमिल को बुखार आया था। 11 नवंबर की सुबह उन्होंने भिलाई में रहने वाले अपने रिश्तेदार को बेटे की तबीयत देखने भेजा। तब उसे स्पर्श अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता ने बताया कि बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच आवश्यक है।
आईआईटी प्रबंधन ने कहा— सामान्य मौत
आईआईटी भिलाई प्रबंधन ने छात्र की मौत पर गहरा दुख जताया है, साथ ही किसी भी दुर्घटना, विवाद या आत्महत्या की संभावना से इनकार किया है। प्रबंधन ने इसे सामान्य मौत बताया है। उल्लेखनीय है कि 10 नवंबर को ही आईआईटी भिलाई का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था।
Read Also- एसईसीएल कॉलोनी में युवक ने की आत्महत्या, परिजनों के बाहर रहने के दौरान घटा हादसा
पुलिस जांच में जुटी
जेवरा चौकी प्रभारी खगेंद्र पठारे ने बताया कि छात्र का पोस्टमॉर्टम सुपेला अस्पताल में कराया गया है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत का कारण पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है।




