रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक रामआश्रा पोर्ते ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह पुलिस लाइन परिसर स्थित सामुदायिक भवन के पास उनकी लाश फांसी के फंदे पर लटकी मिली। वे एमटीपी शाखा में वाहन चालक के पद पर कार्यरत थे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक रामआश्रा पोर्ते पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थे। वे 26 तारीख को ड्यूटी से अनुपस्थित भी रहे थे, जिसके बाद उनका आमद दर्ज नहीं किया जा रहा था।
घटना बुधवार सुबह की है। पुलिसकर्मियों ने सामुदायिक भवन के पास उनका शव लटकता देखा और तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची, पंचनामा किया और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। अभी आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




