नई दिल्ली। लोकप्रिय शॉर्ट वीडियो ऐप TikTok एक बार फिर भारत में सुर्खियों में है। कंपनी ने गुरुग्राम स्थित ऑफिस में दो पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। LinkedIn पर पोस्ट की गई जॉब वैकेंसी में ‘कंटेंट मॉडरेटर (बंगाली स्पीकर) – ट्रस्ट एंड सेफ्टी’ और ‘वेल्बीइंग पार्टनरशिप एंड ऑपरेशन हेड’ जैसे पद शामिल हैं। इसके साथ ही TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance भी भारत में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां कर रही है।
हाल ही में TikTok की वेबसाइट भारत में एक्सेस होनी शुरू हुई थी और यूजर्स को अपने अकाउंट में लॉगिन करने का विकल्प भी मिल रहा था। इसी वजह से कयास लगाए जा रहे थे कि क्या भारत में ऐप से बैन हटने वाला है।
सरकार और कंपनी का पक्ष
सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि TikTok के बैन स्टेटस में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐप भारत में अभी भी उपलब्ध नहीं है। कंपनी के प्रवक्ता ने भी साफ किया कि TikTok फिलहाल भारत में संचालित नहीं हो रहा है और उसका बैन हटाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
बैन और उसके बाद का प्रभाव
भारत सरकार ने वर्ष 2020 में TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स को बैन किया था। उस सूची में UC Browser और WeChat भी शामिल थे। बैन से पहले भारत में TikTok के लगभग 20 करोड़ सक्रिय यूजर्स थे, जिससे भारत कंपनी के लिए सबसे बड़ा बाजारों में से एक था।
TikTok के प्रतिबंध के बाद शॉर्ट वीडियो मार्केट में Instagram Reels और YouTube Shorts को बड़ा फायदा मिला और वर्तमान में भारतीय बाजार में इन दोनों का दबदबा है।




