फिंगेश्वर। क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो परिवारों को मातम में डुबो दिया। प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल घटारानी-जतमई मार्ग पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तीन युवक एक ही बाइक में सवार होकर तेज रफ्तार से जा रहे थे। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक के परखच्चे उड़ गए।
छत्तीसगढ़ में 283 सहायक शिक्षकों की नवीन पदस्थापना, अंबिकापुर में जारी है काउंसलिंग
मृतकों की पहचान मिथलेश साहू (17 वर्ष) निवासी लफेंदी और नितेश साहू (16 वर्ष) निवासी बेमचा के रूप में हुई है। वहीं तीसरा युवक डोमेश साहू (21 वर्ष), जो बाइक में सबसे पीछे बैठा था, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मार्ग घुमावदार होने के साथ-साथ संकरी भी है, जिस पर तेज रफ्तार से वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।




