अंबिकापुर। शहर में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। कोतवाली थाना क्षेत्र के गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल शोरूम में देर रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, शोरूम की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर घुसे और करीब 25 लाख रुपये के महंगे स्मार्टफोन और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
चोरों ने बड़ी चालाकी से पिछली दीवार में बड़ा छेद बनाया, जिसके बाद शोरूम के अंदर पहुंचकर शोकेस तोड़े और कैश काउंटर खंगाल दिया। वारदात इतनी सावधानी से की गई कि सीसीटीवी में कोई स्पष्ट फुटेज नहीं मिला। सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे, तो चोरी का पता चलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। साइबर सेल की टीम उपलब्ध फुटेज खंगाल रही है, जबकि डॉग स्क्वॉड ने सेंध लगी जगह से बाहर तक सुराग तलाशे। यह चोरी कोतवाली नाका क्षेत्र में हुई दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे व्यापारियों में रोष है। गुदरी चौक के दुकानदारों ने कहा कि रात में गश्त बढ़ाई जाए, अन्यथा हालात बिगड़ सकते हैं।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




