रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक ‘न्यूड पार्टी’ पोस्टर ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। इस पोस्टर में खुलेआम लड़के-लड़कियों को अश्लील गतिविधियों में शामिल होने और शराब लेकर पार्टी में आने का निमंत्रण दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
पोस्टर से मचा हड़कंप, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पोस्टर को लेकर रायपुर पुलिस सतर्क हो गई थी। आज दो युवक अपनी सफाई देने के लिए स्वयं एसएसपी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें हिरासत में लेकर क्राइम ब्रांच में पूछताछ शुरू की गई।
कांग्रेस ने जताया विरोध, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
पोस्टर के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि रायपुर जैसे सांस्कृतिक शहर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले आयोजनों को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों को जड़ से खत्म किया जाए और जिम्मेदार लोगों को कठोर सजा दी जाए।
Read Also- ये रायपुर है या बैंकॉक बनाने की तैयारी?
इंस्टाग्राम अकाउंट से हुआ प्रचार, कई नामों से चल रहा था कैंपेन
बताया जा रहा है कि यह आपत्तिजनक पोस्टर मेटा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @sinful_writer1 नामक अकाउंट से साझा किया गया था। इसमें ‘न्यूड पार्टी’ और ‘स्ट्रेंजर हाउस पार्टी’ जैसे नामों से कार्यक्रम का प्रचार किया गया है। ‘स्ट्रेंजर हाउस पार्टी’ की तारीख 21 सितंबर बताई गई है, जिसमें प्रतिभागियों से अपनी शराब लाने के लिए कहा गया है। हालांकि, अब तक पार्टी का सटीक स्थान और आयोजकों की पहचान उजागर नहीं हुई है।
मंत्रियों की तीखी प्रतिक्रिया
मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, “यह देश संतों की परंपराओं वाला है, यहां इस प्रकार के आयोजनों की कोई जगह नहीं है। वहीं, गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सख्त लहजे में कहा, यदि कोई व्यक्ति या समूह इस तरह की पार्टी आयोजित करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी का बयान
रायपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में इस तरह के किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सभी पोस्टरों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार युवकों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़, लोग कर रहे कड़ी आलोचना
वायरल पोस्टर के बाद सोशल मीडिया पर लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे रायपुर की संस्कृति के खिलाफ बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कई लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि कहीं यह सिर्फ ऑनलाइन सनसनी फैलाने की साजिश तो नहीं?




