रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है। उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
Read Also- दुर्ग में चाकूबाजी: शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बुजुर्ग पर हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, मानसून द्रोणिका इस समय अपने सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है। इसके चलते 31 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 2 से 5 सितंबर तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी और व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली शामिल हैं। यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और अचानक तेज हवाएं (30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार) चलने की संभावना जताई गई है।
Read Also- रायपुर में नकाबपोश लुटेरों का आतंक: ड्यूटी पर जा रहे CISF जवान की स्कूटी लूटकर फरार
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। दिनभर रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का तापमान न्यूनतम 26 डिग्री और अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।




