ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र के सिरसा गांव में दहेज के लिए विवाहिता को जिंदा जलाने की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरोप है कि पति और उसके परिजनों ने 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पत्नी निक्की को ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के मायके गांव रूपबास में लोगों का तांता लग रहा है, वहीं सोशल मीडिया पर भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
एक माह से बना रहा था हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पति विपिन भाटी ने करीब एक माह पहले दिल्ली से थिनर खरीदा था और तभी से हत्या की योजना बना रहा था। निक्की के साथ उसका आए दिन विवाद होता था और कई बार वह उस पर शारीरिक उत्पीड़न भी कर चुका था।
निक्की चला रही थी घर का खर्च
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विपिन कोई काम नहीं करता था और रातों को डिस्को व जुआ खेलने में समय बिताता था। घर का खर्चा निक्की अपने ब्यूटी पार्लर से चलाती थी। परिजनों का आरोप है कि विपिन पार्लर के नाम पर थिनर लाया था, जिसका इस्तेमाल उसने हत्या के लिए किया।
परिजनों ने लगाए प्रेम-प्रसंग और अय्याशी के आरोप
मृतका की बहन का कहना है कि विपिन निक्की की कमाई को भी अपनी अय्याशी में खर्च करता था। वहीं, निक्की के चाचा राजकुमार ने बताया कि बीते वर्ष निक्की ने विपिन को एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। उस दौरान मयके पक्ष ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था, लेकिन विपिन का आचरण नहीं बदला।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के बाद एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो कथित तौर पर वर्ष 2024 का बताया जा रहा है। इसमें विपिन कुछ लोगों से हाथापाई करता नजर आ रहा है, जबकि कार में एक लड़की बैठी दिखाई दे रही है।




