कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोंगरा बस्ती में एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अयोध्यापुरी-जैलगांव निवासी अश्वनी पाठक उर्फ पिंटू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। यह वारदात शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है, जब अश्वनी अपने परिचित मनोज बक्कल के साथ घर से निकला था और देर शाम उसकी लाश मोंगरा बस्ती के भुसड़ीपारा सब-स्टेशन के पास खून से लथपथ हालत में मिली।
Read Also- मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत, पिकअप वाहन से हुई थी टक्कर
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। शव पर चाकू के कई वार के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का कहना है कि अश्वनी शुक्रवार दोपहर बस्ती में ही रहने वाले मनोज बक्कल के साथ निकला था। फिलहाल मनोज लापता है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
Read Also- एयर इंडिया अहमदाबाद विमान हादसा: अब तक दो-तिहाई पीड़ितों को मिला मुआवजा, सामने आई पूरी जानकारी
हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, जिससे हत्याकांड से जुड़ी कोई अहम जानकारी मिल सके।
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।




