नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई का असर एक बार फिर देखने को मिला है। जिले में मंगलवार को 28 माओवादियों ने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। सभी नक्सली नारायणपुर माड़ डिवीजन में सक्रिय थे। वे एक बस से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस महानिरीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया।
इससे पहले सुकमा जिले में सोमवार को 15 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ दिया था, जिनमें पांच महिलाएं भी शामिल थीं। इन पर कुल 48 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पित नक्सलियों में चार बटालियन नंबर 1 के सदस्य, चार PPCM, दो ACM, तीन PM और अन्य संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता शामिल थे। पुलिस के अनुसार चार नक्सलियों पर आठ-आठ लाख रुपये, दो पर पांच-पांच लाख रुपये, एक पर तीन लाख, एक पर दो लाख और एक नक्सली पर एक लाख रुपये का इनाम था।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हालिया आत्मसमर्पण से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।




