रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक 60वीं अखिल भारतीय पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक कॉन्फ्रेंस का आयोजन होने जा रहा है। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देशभर के पुलिस महानिदेशक, महानिरीक्षक और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी भाग लेंगे।
![]()
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब पहले निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव के साथ 27 नवंबर की रात्रि करीब 11 बजे विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे और 28 नवंबर को सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके लिए स्वामी विवेकानंद विमानतल सहित शहर की सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
सम्मेलन में देशभर से अब तक 236 से अधिक डीजी, डीजीपी, एडीजी, आईजी, सीओपी तथा खुफिया ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी रायपुर पहुंच चुके हैं। विमानतल पर अधिकारियों की अगवानी और आवागमन के लिए राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा एआईजी ट्रैफिक संजय शर्मा संभाल रहे हैं।
आगंतुक अधिकारियों के ठहरने के लिए नया रायपुर से लेकर न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस सर्किट हाउस तक छह अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की गई है। मुख्य सम्मेलन 29 और 30 नवंबर को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में होगा।
‘विकसित भारत : सुरक्षा आयाम’ थीम पर आधारित इस सम्मेलन में वामपंथी उग्रवाद, आतंकवाद निरोध, आपदा प्रबंधन, महिला सुरक्षा तथा पुलिसिंग में फोरेंसिक विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग जैसे प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरान विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक भी वितरित करेंगे।
यह सम्मेलन देश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों पर खुले विचार-विमर्श का मंच प्रदान करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस वार्षिक आयोजन में लगातार सक्रिय भागीदारी निभाई है और स्पष्ट एवं रचनात्मक चर्चा को प्रोत्साहित किया है।




